कराकस में इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढहीं, सड़कों पर मची चीख-पुकार
साईडलुक, डेस्क। वेनेजुएला बुधवार 24 जून 2026 की शाम कुदरत के सबसे बड़े कहर से कांप उठा। राजधानी कराकस से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में पहले 7.2 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया और इसके सिर्फ 39 सेकंड बाद ही 7.5 तीव्रता के मुख्य झटके ने पूरे देश को हिला दिया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे “डबलेट” भूकंप बताया है और “रेड अलर्ट” जारी करते हुए चेतावनी दी है कि इस आपदा में मृतकों की संख्या 10,000 से 1,00,000 तक पहुंच सकती है।
बर्बादी का भयावह मंजर: हर तरफ मलबा और मदद की गुहार
स्थानीय समयानुसार शाम 6:04 बजे पहला झटका आया जब ज्यादातर लोग “बैटल ऑफ कैराबोबो डे” की सरकारी छुट्टी मनाने के लिए घरों में थे। इसके बाद का मंजर भयावह था। कराकस में कई इमारतें पूरी तरह जमींदोज हो गईं। चाकाओ नगरपालिका के मेयर गुस्तावो डुके ने बताया कि सिर्फ उनके इलाके में दो इमारतें ढह गईं, 16 लोग घायल हैं और कई मौतें हुई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कराकस एयरपोर्ट की छत गिरती दिखी, लोग जान बचाकर भागते नजर आए। तटीय शहर ला गुएरा में अपार्टमेंट इमारतें गिर गईं। बचावकर्मी रात के अंधेरे में मलबे में दबे लोगों को निकालने की जद्दोजहद करते दिखे।
USGS का अलार्म: 1900 के बाद का सबसे शक्तिशाली भूकंप
USGS के मुताबिक 7.5 तीव्रता का यह भूकंप 1900 में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद वेनेजुएला में आया सबसे बड़ा झटका है। USGS के भूकंप वैज्ञानिक पॉल अर्ल ने कहा कि एजेंसी के मॉडल के अनुसार “संभावित रूप से 1,000 से लेकर दसियों हजार तक मौतें हो सकती हैं”। USGS ने 39% संभावना जताई है कि मृतकों की संख्या 10,000 से 1,00,000 के बीच होगी।
भूकंप का केंद्र और असर: 1.98 करोड़ लोग प्रभावित
USGS के आंकड़ों के अनुसार यह भूकंप मोरोन समुदाय के पश्चिम में, याराकुय राज्य में आया। इसकी गहराई सिर्फ 10 से 21.9 किलोमीटर थी, जिससे जमीन पर झटके बहुत तेज महसूस हुए। अनुमान है कि करीब 1.98 करोड़ लोगों ने झटके महसूस किए। इनमें से 3.37 लाख लोग “गंभीर” तीव्रता वाली कंपन के दायरे में थे और 16,300 लोग “हिंसक” तीव्रता वाले इलाके में थे। सैन फेलिप शहर, जिसकी आबादी 2.21 लाख है, ने MMI VIII स्तर का झटका झेला।
सरकार का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू, तेल रिफाइनरी पर भी खतरा
गृह मंत्री डिओस्डाडो कैबेलो ने कहा कि “इमारतें, घर और मकान गिर गए हैं और हमारे पास सुरक्षा, नागरिक सहायता के रूप में जो भी उपलब्ध है, हम उससे चीजों की देखभाल कर रहे हैं। फायर डिपार्टमेंट, पुलिस सभी सक्रिय कर दिए गए हैं”। उन्होंने लोगों से बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की अपील की। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप का केंद्र वेनेजुएला की कुछ सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों के करीब है। इससे देश की पहले से ही संकटग्रस्त अर्थव्यवस्था को 1% से 4% GDP के बराबर नुकसान होने का अनुमान है।
सुनामी का खतरा टला, लेकिन आफ्टरशॉक्स जारी
अमेरिकी सुनामी चेतावनी सिस्टम ने प्यूर्टो रिको, वर्जिन आइलैंड्स, अरूबा, कुराकाओ और बोनेयर के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी, जिसे करीब एक घंटे बाद वापस ले लिया गया। हालांकि 7 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स रिकॉर्ड किए गए हैं और लोगों को इमारतों से दूर रहने को कहा गया है। फिलहाल आधिकारिक मौत का आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और राहतकर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। वेनेजुएला में 1812 के भूकंप में 15,000 से 20,000 लोग मारे गए थे। इस बार का संकट उससे भी बड़ा हो सकता है।

