11वीं वाहिनी ने नगर निगम कन्या स्कूल में आयोजित किया विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम, सीपीआर और प्राथमिक उपचार का कराया सजीव अभ्यास
साईडलुक, जबलपुर। मानसून पूर्व तैनाती के तहत 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी एनडीआरएफ की टीम द्वारा जबलपुर के नगर निगम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें आपात स्थिति में जीवन बचाने वाले कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था।
यह कार्यक्रम कमांडिंग ऑफिसर श्री अनूप सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन और निरीक्षक रेखा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम ने छात्राओं को आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने के तरीके बताए। टीम ने आपातकालीन निकासी और बचाव तकनीकों का सजीव प्रदर्शन कर छात्राओं को आपदा प्रबंधन की बारीकियां समझाईं।
सीपीआर से बच सकती है जान
एनडीआरएफ की टीम ने इस दौरान प्राथमिक उपचार और सीपीआर यानी कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन जैसे जीवन रक्षक कौशलों का विशेष प्रशिक्षण दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे दुर्घटना या आपदा के समय सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार और सीपीआर किसी की जान बचा सकता है। छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ इस प्रशिक्षण में भाग लिया और बचाव तकनीकों को सीखा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र पांडेय सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और एनडीआरएफ के बचावकर्मी उपस्थित रहे। प्राचार्य ने एनडीआरएफ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आपदा के समय खुद की और दूसरों की सुरक्षा करने में सक्षम बनते हैं।

