साईडलुक, जबलपुर। विकासखंड कुण्डम के इतिहास में पहली बार शैक्षणिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनुविभागीय कार्यालय में एक भव्य मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित यह विशेष कार्यक्रम एसडीएम प्रगति गणवीर और विकासखंड शिक्षा अधिकारी पूनम बरकड़े के संयुक्त मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अनूठी पहल के माध्यम से पहली बार ब्लॉक स्तर पर इतने व्यापक पैमाने पर ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया गया, जिसकी क्षेत्र के पालकों और शिक्षाविदों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित नवनियुक्त डीएसपी हेमंत कुमार और नवनियुक्त डीएसपी हर्ष राठौर ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानियों को साझा करते हुए छात्र-छात्राओं को कैरियर निर्माण तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं एसडीएम सुश्री गणवीर ने मेधावियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित होती है। अतिथियों द्वारा कक्षा 12वीं की मेरिट
सूची में स्थान बनाने वाली खुशबू झारिया, पंकज चंदेल, शैलजा विश्वकर्मा, भावनी बर्मन, देवकरण चंदेले तथा कक्षा 10वीं के मेधावी छात्र महेश कुमार परस्ते, रितिका साहू, अलविया खान, जयश्री बर्मन और हिना को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर तहसीलदार बीरबहादुर धुर्वे, बीईओ पूनम बरकड़े और विकासखंड स्रोत समन्वयक सुरेंद्र जैन सहित क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षाविद् विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विकासखंड सह-समन्वयक नेतराम झारिया द्वारा किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और अनुभवी शिक्षकों के हाथों सम्मानित होकर विद्यार्थियों के चेहरे खिले नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

