साईडलुक, जबलपुर। केंद्र शासन के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की विमुक्त घुमन्तु एवं अर्धघुमंतु जातियों के छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्तापूर्ण कोचिंग प्रदान करने की योजना के अंतर्गत 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। इस योजना का लाभ एनईईटी, जेईई मेंस, सीएलएटी, एनडीए, टीओईएफएल, एसएटी, सीए-सीपीटी, आरआरबी, बैंकिंग, इंश्योरेंस, राज्य पुलिस एवं सीपीएल (कमर्शियल पायलट लाइसेंस) कोर की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को प्राप्त हो सकेगा। इच्छुक छात्र छात्राएं 25 अगस्त तक वेबसाईट http://www.b4s.in/a/ggl FCDNT2 202507011 पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतु एवं अर्द्धाघुमंतु विभाग आशीष दीक्षित से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को 1 लाख 20 हजार रुपए तक का कोचिंग शुल्क तथा मासिक वृत्ति प्रदान की जाएगी। विमुक्त घुमंतू एवं अर्द्धघुमन्तु या राज्यवार सूचीबद्ध जातियों एवं समुदायों के 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण या उसमें अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राएँ योजना का लाभ लेने के लिए पात्र होंगे, जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये या उससे कम होगी।
इसके साथ ही आवेदक को उस प्रतियोगी परीक्षा में न्यूनतम निर्धारित अंक प्राप्त होने चाहिये, जिसकी कोचिंग हेतु वे आवेदन कर रहे हैं। केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य योजना से कोचिंग कक्षाओं के लिए छूट का लाभ प्राप्त करने वाले उम्मीदवार आवेदन के लिए पात्र नहीं होंगे। उम्मीदवारों को ऑनलाइन और क्लासरूम कोचिंग दोनों के विकल्प उपलब्ध होंगे। योजना की अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए उम्मीदवार mosje@buddy4study.com पर मेल कर सकते हैं तथा 080-474-95118 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

