5 मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख, एक घायल को 50 हजार की मदद, अज्ञात वाहन दुर्घटना के 6 मामले निपटाए
साईडलुक, जबलपुर। जबलपुर जिला प्रशासन ने हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना 2022 के तहत अज्ञात वाहन दुर्घटना के 06 मामलों का निराकरण करते हुए कुल 10 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है। इनमें पांच मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की तथा एक घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की स्वीकृत सहायता राशि शामिल है।
जिला प्रशासन द्वारा अज्ञात वाहन से दुर्घटना में घायल मनीष शर्मा को 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मृतकों के आश्रित परिजनों को स्वीकृत की गई 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि में श्रीमती अंजनी विश्वकर्मा पति स्वर्गीय सुशील विश्वकर्मा, मानसी चतरे पति श्री कमलेश चतरे, काजल देव पिता श्री संजीव कुमार देव, दीक्षा परोहा पिता स्वर्गीय दीपक परोहा एवं मुन्ना लाल यादव पिता नंदुलाल यादव शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए योजना के तहत कार्रवाई की जा रही है। पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

