सभी डीडीओ से 15 जुलाई तक मांगी गई समस्याओं की जानकारी, आईएफएमआईएस केयर थीम के तहत होगा निराकरण
साईडलुक, जबलपुर। आईएफएमआईएस से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए 16 एवं 17 जुलाई को जिला कोषालय जबलपुर में आईएफएमआईएस केयर थीम के अंतर्गत विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिला कोषालय अधिकारी साकेत जैन ने जिले के सभी शासकीय कार्यालयों के आहरण संवितरण अधिकारियों से आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर के उपयोग में आने वाली समस्याओं की जानकारी निर्धारित प्रारूप में 15 जुलाई तक जिला कोषालय को प्रेषित करने का आग्रह किया है।
जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित हो रहे इस विशेष शिविर का उद्देश्य सभी आहरण संवितरण अधिकारियों को आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर के संचालन में आ रही दिक्कतों से निजात दिलाना है। इसके लिए सभी डीडीओ को अपनी समस्याएं तय प्रारूप में समय से पहले भेजनी होंगी, ताकि शिविर के दौरान उनका प्रभावी समाधान किया जा सके।

