परिसर में किया पौधारोपण, सड़क-बाउंड्रीवॉल निर्माण और पौधों के संरक्षण पर दिया जोर
साईडलुक, जबलपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को करमेता स्थित राज्य ग्रामीण विकास संस्थान एसआईआरडी भाग-2 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री पटेल ने एसआईआरडी भाग-2 के भवन, परिसर एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और भवन में बने विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने परिसर में सड़क, बाउंड्रीवॉल एवं अन्य विकास कार्यों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने और पहले से लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान परिसर को ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित किया जाए और इसके लिए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि परिसर का वातावरण स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बना रहे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री पटेल ने परिसर की साफ-सफाई, हरियाली के रखरखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

