सुबह जनप्रतिनिधियों और दोपहर में संभागीय अधिकारियों के साथ बैठक, रात 11.30 बजे इंदौर एक्सप्रेस से भोपाल होंगे रवाना
साईडलुक, जबलपुर। छठवें राज्य वित्त आयोग की गुरुवार 9 जुलाई को जबलपुर जिले के जनप्रतिनिधियों एवं संभाग के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक होगी। बैठक में नगरीय एवं पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति पर सुझाव और चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार छठवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सदस्य के के सिंह एवं सदस्य सचिव वीरेंद्र कुमार बुधवार शाम 7.45 बजे भोपाल से वन्दे भारत एक्सप्रेस द्वारा जबलपुर पहुंचे। आयोग की आज गुरुवार को सुबह 11.30 बजे सर्किट हाउस में जबलपुर जिले के मंत्रीगण, सांसद, सभी विधायक, महापौर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ बैठक होगी। इस बैठक में जिले की नगर निगम, नगर पालिकाओं और पंचायतों की आय-व्यय, संसाधन जुटाने और विकास योजनाओं के वित्त पोषण पर विस्तार से चर्चा होगी।
इसके बाद छठवें राज्य वित्त आयोग की दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक संभाग आयुक्त, जबलपुर संभाग के सभी कलेक्टर, संभाग के सभी जिला मुख्यालयों के नगर निगम आयुक्त एवं नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इस दौरान संभाग भर के स्थानीय निकायों की वित्तीय आवश्यकताओं, अनुदानों के उपयोग और आगामी वित्त वर्ष के लिए सुझावों पर मंथन किया जाएगा।
आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्य गुरुवार को ही रात 11.30 बजे जबलपुर-इंदौर एक्सप्रेस द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगे। छठवें राज्य वित्त आयोग का यह दौरा पंचायतों और नगरीय निकायों को राज्य के वित्त से मिलने वाले हिस्से के निर्धारण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

