‘साइबर सिक्योर 2026’ के तहत कलेक्ट्रेट में हुआ विशेष प्रशिक्षण, कलेक्टर समेत सभी अधिकारियों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ
साईडलुक, जबलपुर। कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सभा भवन में सोमवार 6 जुलाई को मध्य प्रदेश साइबर पुलिस द्वारा ‘साइबर सिक्योर 2026’ के तहत विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत की मौजूदगी में संपन्न हुए इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञों द्वारा साइबर अपराधों से बचाव के आधुनिक तरीकों और मोबाइल ऐप्स के सुरक्षित उपयोग पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के बढ़ते खतरों और उनसे बचने के उपायों के साथ-साथ ऑनलाइन ‘ट्रेडिंग फ्रॉड’ की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर ठग किस तरह लोगों को झांसे में लेकर डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हैं और फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लाखों की ठगी करते हैं।
प्रशिक्षण के समापन पर साइबर पुलिस द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, ताकि वे डिजिटल युग में सुरक्षित रह सकें और साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकें। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से शासकीय अमले को न केवल व्यक्तिगत स्तर पर बल्कि विभागीय कार्यों में भी साइबर सुरक्षा के मानकों को अपनाने में मदद मिलेगी।

