परिवार का समर्थन और व्यक्तिगत प्रतिभा ने दिलाई जीत, योग ट्रेनर और न्यूट्रीशनिस्ट डॉ. श्वेता मिश्रा ने बढ़ाया जबलपुर का मान
साईडलुक, जबलपुर। मध्यप्रदेश के भोपाल की डॉ. श्वेता मिश्रा ने हाल ही में दिल्ली के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित मिसेज इंडिया एशिया 2025 प्रतियोगिता में एलीगेंट कैटेगरी की फर्स्ट रनर-अप का खिताब जीता। वे जबलपुर के एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनके ससुर वीबी मिश्रा एमपीईबी के रिटायर्ड एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहे हैं।
डॉ. श्वेता मिश्रा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार को दिया, जिन्होंने उन्हें इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उनके पति आशीष मिश्रा ने उन्हें क्वेश्चन-आॅन्सर राउंड की तैयारी में मदद की।
परिवार ने किया मोटिवेट
डॉ. श्वेता कहती हैं, ”मेरे मन में हमेशा से कहीं न कहीं ब्यूटी पेजेंट्री में भाग लेने का सपना था, जो तमाम जिम्मेदारियों के बीच पूरा हुआ। मेरे पति आशीष मिश्रा, बेटे आदि और भाई मौलिक अग्निहोत्री ने मुझे मोटिवेट किया कि मुझे ब्यूटी पेजेंट्री के लिए जरूर तैयारी करना चाहिए क्योंकि मुझ से ज्यादा उन्हें यकीन था कि मैं जीत सकती हूं। ऐसा इसलिए क्योंकि मैं सालों से योग ट्रेनर और न्यूट्रीशनिस्ट हूं तो मुझे सबसे ज्यादा फोकस वाले इस एरिया को लिए एक्स्ट्रा एफर्ट नहीं करने थे, बस कैटवॉक और क्वेश्चन-आॅन्सर राउंड के लिए ज्यादा समय देना था। मैंने बहुत कम समय में तैयारी पूरी की। जिसमें क्वेश्चन-आॅन्सर राउंड के लिए मेरे पति आशीष मिश्रा ने गाइड किया। हम घर पर ही प्रैक्टिस करते थे। मेरे पापा शरद अग्निहोत्री मेरी जीत के बाद बहुत भावुक हो गए।”



