डिंडौरी| नगर में भगवान परशुराम जयंती की तैयारियां जोरों पर हैं। विभिन्न समाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग से इस वर्ष परशुराम जयंती बेहद धूमधाम से मनाई जाएगी। नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजजन एवं विभिन्न अखाड़ों के सदस्य भाग लेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना से होगी, जिसके बाद भव्य शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में समाप्त होगी। यात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल होंगी। आयोजकों ने बताया कि यात्रा के पश्चात भंडारे एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया है।
इसी क्रम में मेकलसुता ब्राम्हण सेवा संघ के तत्वावधान में “भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव” का भव्य आयोजन दिनांक 29 अप्रैल 2025, मंगलवार को माँ दुर्गा मंदिर, बाजार मोहल्ला, गाड़ासरई में आयोजित होगा

जहां कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 08:30 बजे पूजन एवं यज्ञोपवीत संस्कार से होगी, जिसके पश्चात दोपहर 12:00 बजे प्रसाद वितरण एवं समरसता भोज का आयोजन रहेगा। शाम 04:00 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें भक्तगण पारंपरिक उत्साह के साथ भाग लेंगे। संघ ने सभी श्रद्धालुजनों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्मसंस्कारों को सुदृढ़ करने का आह्वान किया है। विशेष सूचना दी गई है कि यज्ञोपवीत संस्कार हेतु पंजीयन 27 अप्रैल 2025 तक अनिवार्य रूप से कराना होगा।



