कागजों में बने विकास कार्य! पूर्व सरपंच-सचिव पर लाखों की गबन का आरोप, वर्तमान सरपंच ने कलेक्टर से की उच्च स्तरीय जांच की मांग…
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत धवाडोंगरी में विकास कार्यों में भारी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच ईश्वर तेकाम ने पूर्व सरपंच और तत्कालीन सचिव पर स्टॉपडेम, पुलिया और सीसी रोड के निर्माण में घोटाले का गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। सरपंच ने मांग की है कि मामले में उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
ये रहा पूरा मामला…
दरअसल डीएम से की शिकायत में के अनुसार, वर्ष 2016 से 2021 तक कई निर्माण कार्यों के लिए लाखों रुपए स्वीकृत किए गए, लेकिन ज़मीनी हकीकत में कोई काम नहीं हुआ। 2016 में टिमकी टोला में स्टॉपडेम निर्माण के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन आज तक कोई डेम नहीं बना, सिर्फ कागजों पर फर्जी बिल बनाकर राशि आहरित कर ली गई। इसी वर्ष भुर्री टोला रोड में पुलिया निर्माण हेतु 1.5 लाख रुपए निकाले गए, पर मौके पर कोई निर्माण कार्य नहीं दिखा। 2017 में धनशाय के घेर से हिंदू के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 5.34 लाख रुपए खर्च दर्शाया गया, लेकिन सीसी रोड का कोई नामोनिशान नहीं है। 2020-21 में दीपक के घर से नंदलाल के घर तक सीसी रोड के लिए 2.5 लाख रुपए बिना किसी कार्य के निकाल लिए गए।
सरपंच का कहना है कि ये सभी कार्य सिर्फ कागजों में ही दर्शाए गए हैं और सरकारी धन का भारी दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों व निगरानी तंत्र की भूमिका पर भी सवाल खड़े करते हुए इसे मिलीभगत करार दिया है। यह मामला न केवल पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि किस तरह सरकारी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं और जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। अब देखना यह होगा कि कलेक्टर इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं और क्या वाकई दोषियों पर कोई ठोस कदम उठाया जाता है, या यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दफन होकर रह जाएगा।



