डिंडौरी| जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में मेटों के मस्टर जारी करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी डिण्डौरी के अध्यक्ष अशोक पड़वार ने जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। पत्र में पड़वार ने बताया कि मनरेगा योजना में श्रमिकों से कार्य कराने के लिए मेट की नियुक्ति आवश्यक होती है। कई निर्माण कार्यों में डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करते समय मेट का प्रावधान नहीं रखा जाता, जिससे कार्य संचालन में दिक्कतें उत्पन्न होती हैं।
उन्होंने मांग की है कि हितग्राही मूलक कार्यों को छोड़कर सभी सामुदायिक निर्माण कार्यों की डीपीआर में मेट का प्रावधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक 40 श्रमिकों पर एक मेट की व्यवस्था करते हुए मेट मस्टर अलग से जनरेट किया जाए। यह प्रस्ताव जनपद पंचायत अमरपुर, शहपुरा, मेहंदवानी, समनापुर, करंजिया, बाजाग और डिण्डौरी क्षेत्र के लिए किया गया है। पड़वार ने जिला कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और जनपद पंचायत अधिकारियों से इस पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है।



