डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कनईसांगवा में सीसी रोड निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पंचायत सचिव और सरपंच पर मनमानी करने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पंचायत क्षेत्र में आंगनबाड़ी भवन से शनि मंदिर तक पांचवें वित्त आयोग के तहत 4.32 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। मिट्टी, रेत, बोल्डर, मुरम और सूखी गिट्टी से सड़क बनाई गई, लेकिन निर्माण के दौरान आवश्यकतानुसार पानी तक नहीं डाला गया। ग्रामीणों ने इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखी है।
इतना ही नहीं, निर्माण कार्य स्थल पर नियमानुसार कोई सूचना पटल भी नहीं लगाया गया, जिससे पारदर्शिता पूरी तरह से नदारद रही। ग्रामीणों ने पूर्व में जनपद पंचायत में भी इस विषय पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।ग्रामीणों का आरोप है कि जब कुछ लोगों ने इस भ्रष्टाचार और मनमानी कार्य का विरोध किया, तो पंचायत सचिव और सरपंच ने उन्हें एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि निर्माण स्थल का निरीक्षण कराया जाए और दोषी सचिव-सर्पंच के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि आगे इस प्रकार की अनियमितताओं पर अंकुश लगाया जा सके और ग्रामीणों को न्याय मिल सके।



