जबलपुर। शहर के विभिन्न जनहित के समाचार पत्रों में प्रकाशित मुद्दों पर संज्ञान लिया गया है। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि आयोग की मुख्य पीठ भोपाल में प्रकरण की सुनवाई करते हुए, अध्यक्ष मनोहर ममतानी तथा सदस्य राजीव कुमार टण्डन ने संबंधितो को कार्यवाही का निर्देश देकर जवाब तलब किया है।
बंद हो गये छह रैन बसेरा
शहर में गरीबों को सिर छिपाने के लिये बने कुल 13 रैन बसेरों में छह रैन बसेरा बंद हो चुके हैं। बचे हुये सात रैन बसेरों के लिए भी बजट नहीं है। कलेक्टर एवं आयुक्त नगर निगम से प्रकरण की जांच कराकर रैन बसेरों के संबंध में व्यवस्था में आ रही कमियों के सबंध में की गई कार्यवाही के बारे में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिये भटक रहे आवेदक
शहर में नगर निगम मुख्यालय से लेकर जोन कार्यालय तक में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन रहे हैं, इस कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिये आवेदकों को भटकना पड़ रहा है। आयुक्त नगर निगम से प्रकरण की जांच कराकर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्ति में किये जा रहे विलंब के संबंध में की गई उचित कार्यवाही के बारे में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
आंगनबाड़ी केन्द्र में झूल रहे बिजली के तार
शहर की आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-1 में आंगनबाड़ी भवन की बाउंड्रीवॉल के गेट के उपर झूल रहे बिजली के तारों के कारण हमेशा खतरा बना रहता है। इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों के कई बार अवगत कराया जा चुका है, किंतु अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है। कार्यपालन यंत्री, मप्रमक्षेविविकंलिमि. से प्रकरण की जांच कराकर जनसुरक्षा के लिये की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
ट्रांसफार्मर में तारों का फैला जाल, हो सकता है हादसा
जिले के गांधी ग्राम हाईवे के किनारे मुस्कुरा, मोहतरा, घाटसिमरिया स्थित गांवों के खेतों में लगे ट्रांसफार्मर में तारों का जाल फैल गया है। ट्रांसफार्मर से किसानों द्वारा टीसी कनेक्शन लिये गये हैं एवं अन्य लोगों द्वारा अवैध तरीके से लाइन लगाई है, इस कारण तारों का जाल बन गया है। जिससे कभी-भी बड़ा हादसा हो सकता है। सीएमडी, मप्र पूर्वी क्षेत्र विद्युत वितरण क०लि० से मामले की जांच कराकर जनसुरक्षा के लिये आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराये जाने के सम्बन्ध में प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।

