साईडलुक, जबलपुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस पर एक अक्टूबर को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित बाजनामठ स्थित वृद्ध आश्रम में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः योग प्राणायाम एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान से हुई। वृद्धजन दिवस पर सुबह 11 बजे से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में एलोपैथी होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयों का वितरण भी किया। साथ ही एलिम्को द्वारा वृद्ध जनों वाकिंग स्टिक और व्हीलचेयर प्रदान की गई।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में शाम 4 से वृद्ध जनों हेतु विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। मुख्य कार्यक्रम में शाम 6 बजे सभी वृद्ध जनों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला रेडक्रॉस समिति के सचिव ने वृद्धजनों को शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके लिए विशेष भोज का आयोजन भी किया गया।

