डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत “एक बगिया मां के नाम” उपयोजना के तहत हितग्राहियों के चयन और योजना क्रियान्वयन को लेकर विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन जनपद पंचायत अमरपुर के कल्याणी प्रशिक्षण केंद्र में किया गया। प्रशिक्षण में आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की कृषि सखियों को महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।

प्रशिक्षण में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, परियोजना अधिकारी मनरेगा प्रदीप शुक्ला, डीपीएम एनआरएलएम श्रीमती अर्पणा पांडेय, ईआरईएस दीपसिंह आर्मो, सीईओ जनपद पंचायत अमरपुर लोकेश कुमार नारनोरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सीईओ राठौर ने प्रशिक्षण में कहा कि पात्र हितग्राहियों का चयन समन्वित प्रक्रिया से किया जाए, जो स्वयं इस योजना के लिए इच्छुक हों और जिनके पास पर्याप्त भूमि एवं सिंचाई साधन हों। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्राम रोजगार सहायक एवं कृषि सखियों की भूमिका इस योजना में बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे योजनाओं का समुचित लाभ हितग्राहियों तक पहुँच सके।
मनरेगा परियोजना अधिकारी श प्रदीप शुक्ला ने योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पौधों की उत्तरजीविता एवं हितग्राही की आय में वृद्धि ही इस योजना का मूल उद्देश्य है। डीपीएम श्रीमती अर्पणा पांडेय ने ग्राम संगठन, सीएलएफ और दस्तावेजीकरण की भूमिका पर प्रशिक्षण दिया।



