साईडलुक, जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने शुक्रवार को बरगी के पास बंदरकोला गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक गहलोत सहित स्थानीय अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सक्सेना ने गौशाला संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि उक्त गौशाला का निर्माण मनरेगा से कराया गया है। जिसमें 100 गौवंश रखने की कैपीसिटी है। अभी वहां 103 गौवंश है। गौशाला में सड़कों में आवारा घूम रहे गायों को भी रखा गया है।
साथ ही उनके चारा-भूसा व पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। गौशाला का संचालन ग्राम पंचायत बंदरकोला के श्री सिद्धि विनायक स्व-सहायता समूह द्वारा की जाती है। कलेक्टर श्री सक्सेना ने कहा कि गौशाला में कम से कम 10 दुधारु गायों को रखें, जिससे कुछ आर्थिक गतिविधियां भी हो सके।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक व सीईओ जिला पंचायत के साथ गौशाला में मौजूद गायों को हरी घास भी खिलाया। साथ ही गौशाला परिसर में पौधारोपण किया। कलेक्टर श्री सक्सेना ने कहा कि गौशाला का प्रबंधन व संचालन बेहतर तरीके से करें, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

