अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया लेंगे बैठक, स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की होगी समीक्षा
साईडलुक, जबलपुर। छठवां राज्य वित्त आयोग 9 जुलाई को जबलपुर प्रवास पर रहेगा। आयोग की जबलपुर जिले के जनप्रतिनिधियों एवं संभाग के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक होगी। कार्यक्रम के अनुसार छठवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की उपस्थिति में आयोग की 9 जुलाई को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक सर्किट हाउस में जबलपुर जिले के मंत्रीगण, सांसद, विधायकगण, महापौर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ बैठक होगी।
बैठक में नगरीय एवं पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति पर सुझाव और चर्चा की जाएगी। इसके बाद आयोग की दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक संभागीय कार्यालय में जबलपुर संभाग के सभी कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, नगर पालिका एवं नगर परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इस बैठक के बाद आयोग द्वारा किसी प्रकल्प का निरीक्षण भी किया जाएगा।

