एमपीटीएएससी पोर्टल पर नवीन और नवीनीकरण दोनों के लिए करना होगा आवेदन, पात्र विद्यार्थियों को दिलाएं लाभ
साईडलुक, जबलपुर। पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2025-26 के ऑनलाइन आवेदन एमपीटीएएससी पोर्टल पर 31 जुलाई तक भरे जा सकेंगे। सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण आशीष दीक्षित ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालय के प्राचार्यों को अपने संस्थान में अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीन एवं नवीनीकरण के लिए इस समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन भरवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करानी होगी। प्राचार्यों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने स्तर पर विद्यार्थियों को आवेदन के लिए प्रेरित करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पोर्टल पर पंजीयन कराना सुनिश्चित करें। छात्रवृत्ति के लिए नवीन आवेदन के साथ-साथ पूर्व में लाभ ले चुके विद्यार्थियों को नवीनीकरण का आवेदन भी इसी अवधि में करना होगा।

