11 से 18 जुलाई तक चलेगा अभियान, सीएमएचओ ने रथ और रैली को दिखाई हरी झंडी, पुरुष सहभागिता पर दिया जोर
साईडलुक, जबलपुर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को जिला चिकित्सालय से किया गया। सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने जनजागरूकता रथ और रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। जिले में 11 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में जागरूकता रैली, प्रचार-प्रसार गतिविधियां, विशेष परिवार नियोजन शिविर और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सीएमएचओ ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु के लिए गर्भधारण के बीच उचित अंतराल जरूरी है। अभियान के दौरान विवाह के बाद उचित समय पर संतानोत्पत्ति, बच्चों के जन्म में उचित अंतराल, प्रसवोत्तर परिवार नियोजन सेवाओं के उपयोग, पुरुष सहभागिता तथा परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। जिलेभर में विशेष परिवार नियोजन सेवा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
विश्व जनसंख्या दिवस के शुभारंभ पर सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय में पुरुष एवं महिला नसबंदी शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में सुपरवाइजर जितेन्द्र सोनकर के मार्गदर्शन में 2 पुरुष नसबंदी और 21 महिलाओं के एलटीटी ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. जया श्रीवास्तव, डॉ. कमलेश कुमार वर्मा, डॉ. पंकज ग्रोवर, आरएमओ डॉ. वैशाली खन्ना, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, अस्पताल प्रबंधक अरुण शाह, विनीता सोनी, विकास श्रीवास्तव, बृजेश मिश्रा, प्रणय खरे, इंद्रभान तथा नर्सिंग कॉलेज के स्टॉफ उपस्थित थे।

