नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत दिया जागरूकता का संदेश, हेल्पलाइन नंबर 14446 और 1933 का किया प्रचार, ग्वारीघाट में नुक्कड़ नाटक से बताया नशे का दुष्परिणाम
साईडलुक, जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आज 20 जुलाई को पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान का भव्य आयोजन किया गया। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पुलिस तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विशाल मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में हाथ डालकर मानव श्रृंखला बनाई और समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर नशा मुक्ति के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14446 और 1933 का व्यापक प्रचार प्रसार किया गया और लोगों को नशामुक्त मित्र बनाया गया। अधिकारियों ने कहा कि नशा न सिर्फ व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है इसलिए इससे दूरी बनाना बेहद जरूरी है।
अधिकारियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, संयुक्त संचालक सोनम बर्वे, विभागीय कर्मचारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही ग्वारीघाट थाना और नवज्योति नशा मुक्ति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में नशे के खिलाफ जन जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर ग्वारीघाट थाना प्रभारी, ग्वारीघाट थाना स्टाफ और नवज्योति नशा मुक्ति केंद्र के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम लोगों की भी उपस्थिति रही जिन्होंने नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ ली।

