मंत्री राकेश सिंह बोले संतों के सानिध्य से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का होता है संचार, मानस भवन में उमड़े श्रद्धालु
साईडलुक, जबलपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को शहर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आनंदम् धाम की ओर से मानस भवन में परमपूज्य सदगुरू श्री ऋतेश्वर जी महाराज के दिव्य सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संतजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। संतों एवं श्रद्धालुओं ने परमपूज्य सदगुरू ऋतेश्वरजी महाराज का पुष्पवर्षा एवं अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिक जीवन में गुरु की भूमिका को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि परमपूज्य सदगुरू ऋतेश्वरजी महाराज का जबलपुर आगमन समूची संस्कारधानी के लिए सौभाग्य और पुण्य का अवसर है। उन्होंने कहा कि जब भी संतों का सानिध्य मिलता है, समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है, लेकिन ऋतेश्वरजी महाराज जैसे संत का आगमन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने सदगुरू ऋतेश्वरजी महाराज के व्यक्तित्व और कृतित्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि संतों के आशीर्वाद से ही मानव के पापकर्मों का क्षय होता है और जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
समारोह में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक सुशील तिवारी इंदु, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन तथा आयोजक समिति के सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

