मंत्री राकेश सिंह बोले बेहतर स्वास्थ्य ही बेहतर भविष्य की आधारशिला, विक्टोरिया अस्पताल को मिली बड़ी सौगात, निजी अस्पतालों से 70 प्रतिशत कम होगा खर्च
साईडलुक, जबलपुर। सेठ गोविंद दास शासकीय जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रविवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। यहां लगभग 7.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का विधिवत लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने एमआरआई केंद्र का लोकार्पण किया, जबकि उनके आग्रह पर विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित इस मशीन का संचालन पीपीपी मॉडल के तहत कृष्णा डायग्नोस्टिक्स के सहयोग से किया जाएगा।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में एमआरआई सुविधा का शुभारंभ शहर की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बेहतर स्वास्थ्य ही बेहतर भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिली है। पहले आर्थिक तंगी के कारण गरीब मरीज इलाज से वंचित रह जाते थे, लेकिन अब आयुष्मान कार्ड उनके लिए सुरक्षा कवच बन गया है।
मंत्री श्री सिंह ने इस सुविधा के लिए विधायक डॉ. अभिलाष पांडे के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत आग्रह से यह सुविधा उपलब्ध हो सकी। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों से मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जबलपुर मेडिकल कॉलेज के उन्नयन के लिए लगभग 1200 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है, जिसके तहत आधुनिक भवनों और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने कहा कि विक्टोरिया अस्पताल में एमआरआई मशीन की स्थापना संस्कारधानी के लिए बड़ी सौगात है। लगभग 7.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस अत्याधुनिक मशीन से जबलपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कृष्णा डायग्नोस्टिक्स के माध्यम से एमआरआई जांच की सुविधा अत्यंत रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। जहां निजी संस्थानों में एमआरआई जांच के लिए 4 से 5 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ता है, वहीं जिला अस्पताल में यह सुविधा लगभग 1300 रुपये से शुरू होगी। इससे आम एवं गरीब मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक डॉ. पांडे ने बताया कि विक्टोरिया अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 225 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा पूर्व में 70 लाख रुपये की लागत से आधुनिक नेत्र जांच मशीन भी स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि मनमोहन नगर अस्पताल को 30 बिस्तरों से उन्नत कर 100 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे चार से पांच लाख लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल स्तर पर एमआरआई सुविधा शुरू होने के साथ ही जबलपुर प्रदेश का चौथा जिला बन गया है, जहां यह सेवा प्रारंभ हुई है। प्रथम चरण में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि कृष्णा डायग्नोस्टिक्स द्वारा एमआरआई जांच की सुविधा सीजीएचएस की स्वीकृत दरों से लगभग 33 प्रतिशत कम शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आयुष्मान योजना के दायरे से बाहर रहने वाले मरीजों को भी निजी अस्पतालों की तुलना में कम लागत पर जांच की सुविधा मिलेगी। यह पहल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में विधायक अशोक रोहाणी, नीरज सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

