पीएम ई-बस सेवा का सफल ट्रायल रन, सिविल लाइन से गोरखपुर तक मंत्री राकेश सिंह ने किया सफर
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अब नए युग में प्रवेश करने जा रही है। शहरवासियों को जल्द ही प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सौगात मिलने वाली है। गुरुवार को शहर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के ट्रायल रन का सफल आयोजन किया गया, जिसने शहर के यातायात के भविष्य की एक झलक पेश की। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह स्वयं इस ऐतिहासिक ट्रायल रन में शामिल हुए और उन्होंने ई-बस में सफर कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
मंत्री श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण-अनुकूल और आरामदायक ई-बसें शहर की नई लाइफ लाइन बनेंगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल एक परिवहन सुविधा नहीं है, बल्कि जबलपुर को स्मार्ट और ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इन आधुनिक बसों के संचालन से शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगेगी और आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ और सुगम सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। आधुनिक तकनीक से लैस ये बसें निश्चित तौर पर लोगों के सफर को और भी बेहतर बनाएंगी।
गुरुवार को आयोजित ट्रायल रन के दौरान वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस का संचालन सिविल लाइन चौक से गोरखपुर मार्ग तक किया गया। मंत्री श्री सिंह ने बस में बैठकर उसकी तकनीक, सीटिंग व्यवस्था, यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा मानकों का अवलोकन किया। उन्होंने बस में लगे सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, जीपीएस सिस्टम और दिव्यांगजनों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे नागरिकों को विश्वस्तरीय यात्रा का अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम ई-बस योजना के अंतर्गत पहले चरण में आज दस बसों के साथ ट्रायल रन की शुरुआत की गई है। जल्द ही इन बसों का नियमित संचालन शहर के प्रमुख मार्गों पर शुरू किया जाएगा, जिससे शहर के हर कोने को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
ट्रायल रन के इस महत्वपूर्ण मौके पर नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, कौशल सूरी, एमआईसी सदस्य डॉ सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेक राम सोनकर, अंशुल राघवेंद्र यादव, रजनी कैलाश साहू सहित जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर रवि शंकर राय और नगर निगम तथा जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने ई-बस सेवा को शहर के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।

