मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जोन 5, 6, 13 और 14 का होगा भ्रमण, दमोहनाका बस स्टैंड पर उद्यम संवाद और समाधान संवाद, कलेक्टर सहित पांच दलों का गठन
साईडलुक, जबलपुर। आम जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देश पर शुरू हुए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत इस शुक्रवार 14 अगस्त को अधिकारियों के दल विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर का भ्रमण करेंगे। यह अभियान शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लोक सेवाओं को समय पर जनता तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कलस्टरवार गठित अभियान दल सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक जबलपुर उत्तर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले नगर निगम के जोन क्रमांक 5, जोन क्रमांक 6, जोन क्रमांक 13 और जोन क्रमांक 14 के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान अधिकारी विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ-साथ नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी शिकायतें सुनेंगे और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे। क्षेत्र भ्रमण के बाद दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक दमोहनाका बस स्टैंड पर उद्यम संवाद और शाम 4 बजे से 5 बजे तक समाधान संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने के लिए छह माह तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत पिछले शुक्रवार 7 अगस्त को विधानसभा क्षेत्र पनागर से की गई थी। अब हर शुक्रवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके लिए विकासखंड और कलस्टरवार दलों के अलावा जिला स्तर के अधिकारियों के पांच विशेष दल बनाए गए हैं। एक दल का नेतृत्व स्वयं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह करेंगे, जबकि दूसरा दल जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत के नेतृत्व में रहेगा। शेष तीन दलों की कमान अपर कलेक्टरों को सौंपी गई है। सभी जिला स्तरीय दल सुबह 10 बजे कलेक्टर कार्यालय से क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

