मदन महल स्टेशन रोड के पेथ केयर सेंटर पर जिला स्तरीय जांच दल की छापामार कार्रवाई, मार्च में ही खत्म हो चुका था लाइसेंस, स्टाफ के पास नहीं मिले योग्यता प्रमाण पत्र, पैथोलॉजिस्ट भी नदारद, तीन दिन में दस्तावेज पेश करने के निर्देश
साईडलुक, जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और लैबों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। मदन महल स्टेशन रोड राइट टाउन में बिना वैध पंजीयन के चल रहे पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर को जिला स्तरीय जांच दल ने मौके पर ही सील कर दिया। यह सेंटर पिछले कई महीनों से एक्सपायरी पंजीयन पर ही मरीजों की जांच कर रहा था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी द्वारा गठित जिला स्तरीय जांच दल ने आज दोपहर इस सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। टीम में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमिता जैन, डॉ. रत्नेश नामदेव, डॉ. तुषार गुप्ता, मीडिया अधिकारी अजय कुरील और विकास श्रीवास्तव शामिल थे। जांच के दौरान सेंटर संचालक सीएमएचओ कार्यालय द्वारा जारी पंजीयन प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाए। जांच में सामने आया कि सेंटर का पंजीयन इसी साल मार्च माह में समाप्त हो चुका है और उसके नवीनीकरण के लिए आज तक कोई आवेदन तक नहीं किया गया था।
इतना ही नहीं, निरीक्षण के दौरान सेंटर में कार्यरत स्टाफ की शैक्षणिक योग्यता और प्रशिक्षण से संबंधित कोई भी प्रमाण पत्र मौके पर नहीं मिला। टीम को बताया गया कि सेंटर में पैथोलॉजिस्ट के रूप में डॉ. अमिता त्रिवेदी कार्यरत हैं, लेकिन जब उन्हें फोन कर जांच में सहयोग के लिए बुलाया गया तो वे जांच दल के समक्ष उपस्थित नहीं हुईं। मौके पर लैब हेड लकी सिंह, लैब टेक्नीशियन आरती नेमा और सेल्स प्रबंधक अनिल गुप्ता मौजूद मिले। उनकी मौजूदगी में ही पूरी जांच प्रक्रिया कर तत्काल लैब को सील करने की कार्रवाई की गई। जांच दल ने संचालक को निर्देश दिए हैं कि सेंटर से संबंधित समस्त वैध दस्तावेज तीन दिन के भीतर सीएमएचओ कार्यालय में प्रस्तुत करें। दस्तावेज सही नहीं पाए जाने पर एफआईआर सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

