साईडलुक, जबलपुर। बुधवार को पल्स पोलियो अभियान (SNID) की कार्य योजना तथा जिले में चल रहे राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुयी इस बैठक में भोपाल से जबलपुर जिले के दौरे पर आये एसआरटीएल (WHO) डॉ. अभिषेक जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष तौर पर पोलियो उन्मूलन हेतु आगामी माह में आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान (एसएनआईडी) की चल रही तैयारियों तथा पूर्व कार्य योजना पर गहन चर्चा हुई। विदित हो कि आगामी माह में दिनांक 12, 13 और 14 अक्टूबर को पल्स पोलियो अभियान जबलपुर जिले में चलाया जाएगा।
इसके सफलतापूर्वक संचालन एवं लक्ष्य पूर्ति हेतु भोपाल से आए डॉ अभिषेक जैन ने जिले को विशेष कार्य योजना बनाने एवं सभी आउटरीच एरिया को कवर करने की रणनीति बनाने की हिदायत दी। जबलपुर में निकले रूबेला केस पर चर्चा हुई तथा जबलपुर के संवेदनशील क्षेत्र वार्ड 80, कैंट, रजा चौक और मोतीनाला पर विशेष फोकस करने पर विचार विमर्श हुआ।
जिले की एचएमआईएस रिपोर्ट पर राज्य से नाराजगी को लेकर भी चर्चा हुई तथा प्राइवेट अस्पताल एवं क्लिनिक को जो रिपोर्ट नहीं कर रहे हैं उनके विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा ने दिए। जिले की एचएमआईएस रिपोर्ट की पिछले वर्ष से तुलना कर आये हुए गेप के बारे में समीक्षा की गई तथा बीसीजी, पेंटा-1 और पेंटा- 3 तथा एमआर-1 और एमआर -2 में अधिक गेप पर भी चर्चा हुई तथा कार्य योजना बनाकर इसपर कार्यवाही करने हेतु जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता को कहा।
इस बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. एसएस दाहिया, एसएमओ (डब्ल्यू.एच.ओ.) डॉ. जलज खरे, डीपीएम विजय पाण्डेय, डीसीएम दीपिका साहू, एमएंडई राम भाऊ पारखे, स्टोर इंचार्ज राजेंद्र तिवारी, एपीएम संदीप नामदेव, वीसीसीएम विकास शर्मा, टेक्नीशियन विक्रम कोरी, निशांत शर्मा और सुनील शुक्ला उपस्थित थे।

