पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाकौशल में सजी प्रदर्शनी, 12 वर्षों के सेवा-सुशासन और सेना के शौर्य को चित्रों के माध्यम से किया गया प्रदर्शित
साईडलुक, जबलपुर। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो भोपाल द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से शहर के प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाकौशल महाविद्यालय में त्रिदिवसीय फोटो प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी सेवा सुशासन के 12 वर्ष, विकसित भारत के संकल्प और कारगिल विजय दिवस के गौरवशाली विषयों पर केंद्रित है।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ए.सी. तिवारी, केंद्रीय संचार ब्यूरो भोपाल के कार्यालय प्रमुख एवं उपनिदेशक शारिक नूर तथा वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अरुण शुक्ल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के उपनिदेशक शारिक नूर ने प्रदर्शनी की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान सेवा, सुशासन, जनकल्याण, विकास और विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की उपलब्धियों को चित्रों और संदेशों के माध्यम से दर्शाया गया है। इसके साथ ही विकसित भारत के संकल्प और कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य, साहस और बलिदान की गाथा को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ए.सी. तिवारी ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए विकास कार्यों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलेगी और वे जागरूक बनेंगे। वहीं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अरुण शुक्ल ने कहा कि यह प्रदर्शनी युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रबल करेगी और कारगिल के वीर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव विकसित करेगी।
प्रदर्शनी के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नमंच और गीत-नाटक दल द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो जबलपुर के प्रभारी एस.के. चौकसे ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह प्रदर्शनी तीन दिनों तक विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।

