पत्नी की फर्म ने किया था 2 मेगावाट प्लांट का लाइन विस्तार, उपकरणों पर मिली पश्चिम क्षेत्र कंपनी की मोहर, उमरिया मुख्यालय अटैच
साईडलुक, डेस्क। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने हनुमना स्थित 2 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र में विद्युत उपकरणों और अन्य विद्युत कंपनियों की सामग्री के संभावित दुरुपयोग की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करते हुए सीधी संभाग में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता रंजीत कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियंता संचालन एवं संधारण वृत्त उमरिया निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
प्राप्त शिकायत के बाद मुख्य अभियंता प्रवर्तन रीवा द्वारा गठित जांच समिति ने स्थल निरीक्षण, अभिलेखों के परीक्षण तथा संबंधित अधिकारियों के कथनों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की। जांच में यह तथ्य सामने आया कि 2 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र के विद्युत संयोजन और लाइन विस्तार का कार्य मैसर्स ओम एंटरप्राइजेज द्वारा किया गया था। इस फर्म की प्रोपराइटर ममता कुमारी हैं जो निलंबित कनिष्ठ अभियंता रंजीत कुमार साहू की पत्नी हैं।
जांच दल को स्थल पर लगे उपकरणों और सामग्री के परीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कुछ विद्युत उपकरणों पर मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड का नाम अंकित पाया गया, जबकि कंट्रोल केबल पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड का उल्लेख मिला। इसके अलावा वीसीबी की नेम प्लेट पर क्रेता संबंधी विवरण मिटा हुआ पाया गया। जांच समिति ने इन सभी बिंदुओं पर संबंधित कंपनियों से अभिलेखीय सत्यापन कराने की अनुशंसा की है।
उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच समिति ने प्रथम दृष्टया कनिष्ठ अभियंता रंजीत कुमार साहू की संभावित संलिप्तता का उल्लेख किया। इसी रिपोर्ट के आधार पर कंपनी प्रबंधन ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई को अंजाम दिया। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि कंपनी की सामग्री, संसाधनों और परिसंपत्तियों के संभावित दुरुपयोग अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है।
कंपनी ने कहा कि जांच में सामने आए सभी तथ्यों का संबंधित कंपनियों से अभिलेखीय सत्यापन कराया जा रहा है और अंतिम निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

