जन अभियान परिषद ने मनाया बावड़ी उत्सव, अतिथियों ने रोपे आम-अमरूद के पौधे, दिलाई जल बचाने की शपथ
साईडलुक, जबलपुर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन अभियान परिषद द्वारा पनागर के आजाद वार्ड स्थित ऐतिहासिक बावड़ी परिसर में बावड़ी उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पनागर विधायक सुशील तिवारी इंदु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य आनंद जैन मिन्चु, एसडीएम अभिषेक सिंह और तहसीलदार गौरव पांडे भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक सुशील तिवारी इंदु ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल बचाने, पौधारोपण करने और प्राकृतिक धरोहरों को बचाने के लिए समुदाय की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बावड़ियां हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं और इनके संरक्षण में हर नागरिक की भूमिका अहम है। एसडीएम अभिषेक सिंह ने भी कहा कि जल संरक्षण जैसे कार्यों को सफल बनाने के लिए जन सहयोग सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक भारत महरोलिया ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बावड़ी उत्सव कार्यक्रम की प्रस्तावना और उद्देश्यों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों के प्रति लोगों में जागरूकता लाना और उनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के समापन पर बावड़ी प्रांगण में मुख्य अतिथि विधायक सुशील तिवारी इंदु और अन्य अतिथियों की उपस्थिति में आम एवं अमरूद के पौधे रोपे गए। इसके बाद उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर जल संरक्षण का संकल्प लिया।



