वंदे मातरम के 150 वर्ष पर संगीत नाटक अकादमी का आयोजन, 1857 के बलिदान को रंगमंच पर किया जीवंत, शहीद स्मारक प्रेक्षागृह में उमड़ा दर्शकों का सैलाब
साईडलुक, जबलपुर। संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्र गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महाकवि कालिदास जयंती के अवसर पर आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026 के अंतर्गत बुधवार को गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक प्रेक्षागृह में देश भक्ति एवं स्वतंत्रता संग्राम पर केंद्रित नाटक रियासत-ए-विजयराघवगढ़ का सफल मंचन किया गया।
संभागीय बाल भवन के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के अंतर्गत इस नाटक का निर्देशन रंगाभरण थिएटर के निर्देशक अक्षय सिंह ठाकुर ने किया। नाटक में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में विजयराघवगढ़ रियासत के वीरतापूर्ण योगदान और बलिदान की गाथा को अभिनय, संगीत, प्रकाश एवं प्रभावी रंगमंचीय शिल्प के माध्यम से जीवंत किया गया। मार्मिक एवं ओजपूर्ण दृश्यों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और कलाकारों के अभिनय को दर्शकों द्वारा भरपूर सराहना मिली।
नाटक के समापन पर संभागीय अधिकारी महिला एवं बाल विकास मनीषा लुम्बा एवं संचालक संभागीय बाल भवन शिवानी मौर्य ने कलाकारों का सम्मान किया।

