अखिल भारतीय युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अभियान का जबलपुर में आगाज, हर वार्ड-हर मोहल्ले में सुनी जाएगी जनता की समस्या
साईडलुक, जबलपुर। अखिल भारतीय युवक कांग्रेस के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी बेहतर सिटी अभियान की शुरुआत अब संस्कारधानी जबलपुर में भी हो गई है। इस अभियान के तहत युवक कांग्रेस का संकल्प है कि शहर के अंतिम छोर तक पहुंचकर आम नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानियों को न सिर्फ सुना जाएगा बल्कि उन्हें लिखित रूप में दर्ज कर संबंधित विभागों से जवाबदेही तय कराई जाएगी। इसी अभियान को लेकर जबलपुर युवक कांग्रेस द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राहुल बघेल ने अभियान की रूपरेखा विस्तार से रखी। उन्होंने बताया कि बेहतर जबलपुर अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह शहर के भविष्य को बेहतर बनाने का जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जबलपुर की जनता सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है और अब समय आ गया है कि इन समस्याओं को कागजों से निकालकर समाधान के धरातल पर लाया जाए।
हर घर तक पहुंचेंगे युवा कार्यकर्ता
राहुल बघेल ने जानकारी दी कि अभियान के पहले चरण में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता शहर के सभी वार्डों और मोहल्लों में घर-घर जाकर जनसंवाद करेंगे। इस दौरान नागरिकों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं को एक व्यवस्थित शिकायत पत्र के रूप में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद इन सभी शिकायतों और सुझावों को नगर निगम आयुक्त, जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और उनके निराकरण के लिए समय सीमा तय करने की मांग की जाएगी। अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह रहेगी कि शिकायत करने के बाद उसकी प्रगति रिपोर्ट भी जनता के सामने रखी जाएगी।
बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
बेहतर जबलपुर अभियान के तहत शहर से जुड़े उन सभी मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी जो सीधे तौर पर आम आदमी के जीवन को प्रभावित करते हैं। इनमें जर्जर सड़कों की मरम्मत, नाली और सीवरेज की समस्या, नियमित पेयजल आपूर्ति, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराना, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में आ रही खामियों को दूर करना प्रमुख है। इसके अलावा शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था, पार्किंग की समस्या, सार्वजनिक परिवहन और बस स्टैंड की बदहाली, सार्वजनिक शौचालयों की कमी, पार्कों और खेल मैदानों का रखरखाव, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति तथा गरीब वर्ग के पट्टा और आवास से जुड़े मामलों को भी मजबूती से उठाया जाएगा।
हर वर्ग की आवाज बनेगा अभियान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल बघेल ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी एक वर्ग या क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर जबलपुर का नारा सभी के लिए है। इस अभियान में कामगारों की मजदूरी, सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधाएं, छोटे व्यापारियों की समस्याएं, रेहड़ी पटरी संचालकों के पुनर्वास, ऑटो चालकों के हित, युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं और विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़ी दिक्कतों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि बेहतर जबलपुर केवल एक नारा नहीं बल्कि जबलपुर की जनता की आवाज को समाधान तक पहुंचाने का संकल्प है।
उन्होंने शहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वार्ड और मोहल्ले की समस्याओं को लेकर आगे आएं और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं तक अपनी बात पहुंचाएं ताकि जनहित के इन मुद्दों पर ठोस कार्रवाई हो सके।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडवोकेट अमन वर्मा, एडवोकेट यामिनी सिंह, एडवोकेट इमरान खान, नाहिद अंसारी, अंशुल प्रजापति, अलफ्सा खान और शिवानी पांडे सहित युवक कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

