एक माह में प्रदर्शन सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई; सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण जरूरी
साईडलुक, जबलपुर। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता, जबलपुर क्षेत्र एस.के. गिरिया की अध्यक्षता में कल संचारण-संधारण वृत्त, जबलपुर ग्रामीण के अंतर्गत समस्त वितरण केंद्र प्रभारियों, सहायक अभियंताओं एवं कार्यपालन अभियंताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचारण-संधारण वृत्त, जबलपुर के अधीक्षण अभियंता खुशियाल शिववंशी भी उपस्थित रहे।
बैठक में राजस्व संग्रहण, बिलिंग दक्षता, बकाया राशि की वसूली, उपभोक्ता संतुष्टि तथा गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य अभियंता गिरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संग्रहण एवं बिलिंग दक्षता में निरंतर सुधार लाते हुए बकाया उपभोक्ताओं से समयबद्ध वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष बल दिया गया। मुख्य अभियंता ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त तथा अन्य शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा के भीतर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं का विद्युत वितरण कंपनी के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
समीक्षा के दौरान जिन वितरण केंद्रों एवं अधिकारियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट पाया गया, उनकी सराहना की गई। वहीं अपेक्षानुरूप प्रदर्शन न करने वाले अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे आगामी एक माह के भीतर अपने कार्य निष्पादन में उल्लेखनीय सुधार करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के पश्चात भी प्रदर्शन में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के समापन पर मुख्य अभियंता ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राजस्व वृद्धि, बेहतर उपभोक्ता सेवा, शिकायतों के प्रभावी निराकरण तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु पूर्ण समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करेंगे।

