सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक संयुक्त कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टरों की ड्यूटी तय, शनिवार-रविवार के लिए भी अलग रोस्टर, अवकाश की स्थिति में लिंक अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
साईडलुक, जबलपुर। जिले में विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों द्वारा दिए जाने वाले ज्ञापनों को व्यवस्थित रूप से प्राप्त करने के लिए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कलेक्टर ने राज्य प्रशासनिक सेवा एवं कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की ज्ञापन प्राप्त करने के संबंध में पूर्व में जारी ड्यूटी आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए नया ड्यूटी आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश प्रशासकीय कार्य सुविधा और ज्ञापन प्रणाली को अधिक सुगम बनाने की दृष्टि से जारी किया गया है।
नए आदेश के अनुसार अब सप्ताह के प्रत्येक कार्य दिवस के लिए अलग-अलग अधिकारियों को ज्ञापन प्राप्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमवार को संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन ज्ञापन लेंगे, जबकि मंगलवार को यह जिम्मेदारी संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सृष्टि प्रजापति के पास रहेगी। बुधवार को डिप्टी कलेक्टर श्रीमती विंकि सिंहमारे, गुरुवार को डिप्टी कलेक्टर आर एस मरावी और शुक्रवार को डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी ज्ञापन प्राप्त करेंगी।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा शनिवार और रविवार के अवकाश के दिनों के लिए भी विशेष रोस्टर तैयार किया गया है। माह के प्रथम शनिवार और रविवार को संयुक्त कलेक्टर अनुराग सिंह ज्ञापन प्राप्त करेंगे। इसी तरह दूसरे शनिवार और रविवार को डिप्टी कलेक्टर पंकज मिश्रा, तीसरे शनिवार और रविवार को डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मोनिका बाघमारे, चौथे शनिवार और रविवार को संयुक्त कलेक्टर अभिषेक सिंह ठाकुर की ड्यूटी लगाई गई है। यदि माह में पांचवां शनिवार और रविवार आता है तो उस स्थिति में प्रभारी नायब तहसीलदार महेश सोलंकी ज्ञापन लेने का कार्य करेंगे।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ज्ञापन प्राप्त करने के लिए तैनात अधिकारी यदि किसी कारणवश अवकाश पर रहते हैं तो उनके स्थान पर पूर्व से नामजद लिंक अधिकारी इस दायित्व का निर्वहन करेंगे, ताकि ज्ञापन प्राप्त करने की प्रक्रिया बाधित न हो। इस नई व्यवस्था से अब ज्ञापन देने वालों को भटकना नहीं पड़ेगा और तय अधिकारी ही ज्ञापन लेकर उसे संबंधित शाखा तक पहुंचाएंगे।

