विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर रोपे पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
साईडलुक, जबलपुर। सांदीपनि विद्यालय करौंदीग्राम में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत शनिवार को एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक पेड़ गुरु के नाम थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरु के प्रति सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना को जागृत करना था।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस अवसर पर बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों की भी उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली, जिसने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
प्राचार्य जी पी झारिया की प्रेरणा और मार्गदर्शन से आयोजित इस अभियान में सभी ने मिलकर परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्राचार्य ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व के बारे में विस्तार से बताते हुए उनके संरक्षण और नियमित देखभाल करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गुरु हमें ज्ञान देकर जीवन को सार्थक बनाते हैं, उसी प्रकार वृक्ष हमें जीवनदायी ऑक्सीजन देकर जीवन की रक्षा करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

